ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने पाली गांव के बीएएलएलबी छात्र रोबिन सिंह (23) की हत्या में मां-बेटी, तीन भाइयों और उनके एक साथी को गिरफ्तार किया है। रोबिन का गिरफ्तार की गई विवाहिता से प्रेम प्रसंग था। परिजन के कहने पर विवाहित बेटी ने फोन कर रोबिन को घर पर बुलाया था। इसके बाद भाइयों ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर दिया और हाथ-पैर बांधकर रोबिन की हत्या कर दी फिर साथी मनीष की मदद से शव कार में ले जाकर कोट गांव की नहर में फेंक दिया। निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया केबल, कार और मृतक का मोबाइल बरामद किया गया है। रोबिन की 18 अप्रैल को शादी होनी थी।
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में सुबोध, रवि, सागर, इनकी मां अंजू, विवाहित बहन मोनिका और बागपत निवासी दोस्त मनीष को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि मोनिका से रोबिन का विवाह से पहले पूर्व प्रेम प्रसंग था। शादी के बाद भी रोबिन मोनिका को मिलने के लिए दबाव बनाता था। मोनिका ने इसकी जानकारी मां अंजू को दी। अंजू ने इस बारे में दोनों बेटों को बताया। सुबोध ने रोबिन को समझाने का प्रयास भी किया था। इसके बावजूद वह कॉल और मैसेज करता था। इस पर आरोपियों ने साजिश के तहत 27 फरवरी की रात को मोनिका से कॉल कर रोबिन को घर में बुलाया। यहां रोबिन के मुंह में कपड़ा ठूंसकर केबल से गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोपी रोबिन को कार की डिग्गी में डालकर ठिकाने लगाने ले जा रहे थे। इस दौरान शरीर में हरकत देखकर उसके सिर पर पत्थर से वार भी किया।
आरोपी सुबोध और पिता जा चुके हैैं जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुबोध अनिल दुजाना गिरोह के शार्प शूटर अनित तोता के साथ बीटा-2 थाना क्षेत्र से एक मामले में जेल जा चुका है। वहीं, सुबोध के पिता रामवीर पर भी अपने भाई की हत्या का आरोप था। हालांकि बीमारी की वजह से रामवीर की मौत हो गई थी।
केस दर्ज करने के बाद आरोपियों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। आरोपियों ने बताया कि मोनिका और रोबिन के बीच प्रेम प्रसंग था। इससे परिजन क्षुब्ध थे। मोनिका ने कॉल कर रोबिन को घर पर बुलाया था और इसके बाद हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया। - हरीश चंदर, डीसीपी सेंट्रल नोएडा