शाहपुर। इटवा थाना के ग्राम पंचायत धौरहरा मय प्रसादी खास गांव में शनिवार की रात करीब 12 बजे एक घर में घुसे बदमाशों ने बच्चों के गले पर चाकू रखकर महिला से जेवर व नकदी लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची इटवा पुलिस ने लिखा-पढ़ी कर पीड़ित को जांच कर कार्रवाई में जुट गई है।
पीड़िता लीलावती ने बताया कि रात में घर के बगल स्थित स्कूल की गली के रास्ते दीवार फांदकर चार अज्ञात लोग उसके घर में घुस गए। घर में वह अपने तीन छोटे बच्चों के साथ सोई थी। बदमाशों ने बच्चों के गले पर चाकू रखकर कहा जो रुपये और जेवर रखे हैं सब निकाल दो नहीं तो बच्चों को मार देंगे।
चोरों के डर से 10 हजार रुपये नकद रखे होने की बात उन्हें बता दी। इस दौरान एक ने घर में रखे संदूक को खोलकर उसमें रखा सारा कपड़ा बाहर फेंक दिया। जब उसे कुछ नहीं मिला तो उसके पहने हुए जेवर निकलवा लिए।
लीलावती ने कहा चोरों के डर से बच्चों का तबीयत खराब हो गई है। सूचना पर पहुंचे रिश्तेदार बच्चों को डाॅक्टर को दिखवाने गए हैं। बच्चे बहुत डरे हुए थे। चौकी इंचार्ज शाहपुर अनिल ओझा ने बताया कि सुबह आठ बजे चोरी की वारदात की सूचना मिली है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।