यूपीपीसीबी ने डीएम को भी लिखा पत्र, जनरेटर के धुएं से परेशान हैं पंचशील ग्रीन्स के निवासी
ईकोविलेज-2 में जनरेटर हटाने के लिए दिया था नोटिस, नहीं किया अमल
ग्रेटर नोएडा। यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) ने सुपरटेक बिल्डर को नोटिस भेजा है। कार्रवाई के लिए मुख्यालय रिपोर्ट भेजने के साथ-साथ डीएम को पत्र भी लिखा है। यह कार्रवाई जनरेटर न हटाने पर हुई है। । यूपीपीसीबी सुपरटेक बिल्डर पर 40 लाख से अधिक का जुर्माना भी लगा चुका है।
दरअसल, ईकोविलेज-2 सोसाइटी में दो जनरेटर लगे हैं। आरोप है कि मानकों के अनुसार इनकी चिमनी नहीं लगी है। इस वजह से जनरेटर का धुआं पास की सोसाइटी पंचशील ग्रीन्स-1 के फ्लैटों में जाता है। इस पर निवासियों ने मामले की शिकायत यूपीपीसीबी से की थी। इस पर नोटिस जारी हुआ था। उसके बाद सुपरटेक बिल्डर ने 12 अगस्त को एक जनरेटर तो हटा लिया था लेकिन दूसरा नहीं हटाया।
इसी पर यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी ने सुपरटेक बिल्डर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस व अन्य बिंदुओं की आख्या मुख्यालय को भेजी गई है। बिल्डर पर अब वहां से कार्रवाई की जाएगी। आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायत के संबंध में जिलाधिकारी को भी पत्र लिखा गया है