ग्रेटर नोएडा। हृदय रोग के शुरुआती संकेतों को समय रहते पहचानने और बचाव के उपायों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कैलाश अस्पताल ग्रेटर नोएडा में राउंड टेबल मीट का आयोजन किया गया। वर्ल्ड हार्ट डे 2026 के अवसर पर आयोजित चर्चा में कार्डियोलॉजी, इमरजेंसी मेडिसिन, इंटरनल मेडिसिन और न्यूट्रिशन के विशेषज्ञ शामिल हुए। विशेषज्ञों ने बताया कि हृदय संबंधी बीमारी के संकेत हमेशा केवल सीने में दर्द के रूप में सामने नहीं आते। सांस फूलना, असामान्य थकान, चक्कर आना या शारीरिक गतिविधि के दौरान असहज महसूस होना भी ऐसे संकेत हो सकते हैं। कैलाश अस्पताल के कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुनील कुमार मंडल ने कहा कि कई बार लोग लक्षणों को गैस, तनाव या सामान्य थकान मानकर नजरअंदाज कर देते हैं।
इमरजेंसी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. रितु सभरवाल ने कहा कि हृदय संबंधी आपात स्थिति में समय महत्वपूर्ण होता है। लक्षण दिखाई देने पर उनके अपने आप ठीक होने का इंतजार करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है। 14 अक्तूबर को निशुल्क कार्डियक कैंप आयोजित किया जाएगा। ब्यूरो