पिहोवा (कुरुक्षेत्र)। गतका प्रशिक्षण शिविर में नाबालिगों का यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने कैंप के प्रमुख और मुख्य आरोपी शेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पांच अन्य आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पकड़ से बाहर चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। 11 अक्तूबर को कई पीड़ित बच्चों के परिजनों ने डीएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बाबा बुड्ढा दल के जत्थेदार बलविंदर सिंह सहित दर्जनों निहंगों ने पुलिस से मुलाकात कर त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।
जत्थेदार बलविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित बच्चों में से अधिकांश ने दबाव या अन्य कारणों से अपने बयान वापस ले लिए, लेकिन एक बच्चा और उसका परिवार शिकायत पर कायम रहा। पुलिस ने उस बच्चे का मेडिकल कराया, जिसकी अंतिम रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। इसी बीच पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी शेर सिंह को हिरासत में ले लिया।
प्रशिक्षण का हिस्सा बताकर बच्चों से करवाते थे मालिश
गतका सीख रहे एक 14 वर्षीय बच्चे ने मां से प्रशिक्षण केंद्र जाने से इन्कार कर दिया। उसने मां को बताया कि प्रशिक्षक नग्न होकर बच्चों से मालिश करवाते हैं और शारीरिक शोषण करते हैं। बच्चे ने बताया कि ये हरकतें ट्रेनिंग का हिस्सा बताकर की जाती थीं। उन्हें गहरी शर्मिंदगी और असहजता होती थी। परेशान बच्चों ने परिजनों को घटनाओं की जानकारी दी। अभिभावकों ने पंथ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से शिकायत की, जिन्होंने बच्चों से अलग से पूछताछ की।
धार्मिक भवन बनाकर गतका का देता था प्रशिक्षण
शिकायत के आधार पर पुलिस ने शेर सिंह, अर्जुन सिंह, गोपी, माही सिंह, काका सिंह और करनैल सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के साथ अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मुख्य आरोपी शेर सिंह प्रशिक्षण देने वाली संस्था का संचालक है। वह धार्मिक भवन बनाकर बच्चों को गतका प्रशिक्षण देने का दावा करता था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को काबू कर लिया है। मामले की जांच जारी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द ही की जाएगी।
-डीएसपी रणधीर सिंह, कुरुक्षेत्र।