पिनगवां। गांव लुहिंगाकलां में बिजली के लटकते जर्जर तारों से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। तारों को बदलवाने के लिए ग्रामीण दर्जनों बार बिजली निगम के उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन आज तक इसे बदला नहीं गया है। गांव वालों ने चेतावनी दी है की अगर जल्दी है तारों को बदला नहीं गया तो मजबूर होकर उन्हें सड़क जाम करना पड़ेगा।
गांव निवासी चौधरी साहबुद्दीन, चौधरी अशरफ, इकरार ने बताया कि उनके गांव में करीब 30-40 साल पहले बिजली की लाइन डाली गई थी। तब से लेकर अभी तक उन तारों को बदला नहीं गया है। ये तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं और आए दिन कोई न कोई तार टूटकर गिर जाता है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इनको बदलवाने के लिए कई बार बिजली विभाग के एसडीओ, कार्यकारी अभियंता और कनिष्ठ अभियंता से लिखित और मौखिक शिकायत कर चुके हैं। हर बार बदलने का आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन उन्हें बदला नहीं जा रहा है। रात के समय तार टूटने के बाद कोई कर्मचारी उन्हें जोड़ने नहीं आता, ऐसे में उन्हें प्राइवेट लोगों को पैसा देकर तार जुड़वाना पड़ता है।
वर्जन-
जिले में जितने भी जगह जर्जर तार हैं, उनको जगमग योजना के तहत बदला जा रहा है। जल्दी ही गांव लुहिंगाकलां के जर्जर तारों को और खंभों को भी जल्द ही बदल दिया जाएगा। - केएस चौहान, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम