एनएसईजेड में चल रहे अवैध टेलीफोन एक्सचेंज को एटीएस ने पकड़ा
- कंपनी के सर्वर किराए पर लेकर चला रहा था अवैध टेलीफोन एक्सचेंज, एटीएस ने दर्ज कराई प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फेज-2 स्थित एनएसईजेड में चल रहे एक अवैध कॉल सेंटर का खुलासा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड (एटीएस) ने किया है। वेब डेवलपिंग कंपनी का सर्वर किराये पर लेकर अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का संचालन किया जा रहा था। इस मामले में एटीएस की तरफ से कोतवाली फेज-2 में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में एक आरोपी का नाम सामने आया है। पुलिस उसकी व उसके साथियों की तलाश कर रही है।
एटीएस के सब इंस्पेक्टर राजेश यादव ने कोतवाली फेज-2 में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि एटीएस को इस तरह की सूचनाएं मिल रही थी। जिसमें फेज-2 क्षेत्र में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज चल रहा है। यहां से वीओआईपी के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय कॉल को घेरलू कॉल में बदला जा रहा है। जो देश की सुरक्षा के लिए खतरनाक है। इसके बाद एटीएस की टीम 27 मार्च को एनएसईजेड स्थित कंपनी साई फ्यूचर में पहुंची। वहां पता चला कि यह रजिस्टर्ड कंपनी है और कंपनी क्लाउड होस्टिंग, वेब डेवलपिंग सर्विस उपलब्ध कराती है। कुछ महीने पहले इस कंपनी ने एक्जिलो टेक्रोलॉजी को एक सर्वर किराये पर दिया था। इसके बाद नजीबउल्ला नामक शख्स को सर्वर दे दिया गया। इसके बाद नजीबउल्ला ने जियो से इंटरनेट कनेक्शन लिया और अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का काम शुरू कर दिया।
नजीबउल्ला ने सर्वर किराये पर देने वाली कंपनी के लोगों से आमने सामने कभी मुलाकात नहीं की। उसने हमेशा व्हाट्स एप पर बात की। इसके बाद यहां से भारतीय गेटवे को पार कर अवैध तरीके से लोगों की बातचीत कराई जा रही थी। इस अवैध टेलीफोन एक्सचेंज से भारत सरकार को हर महीने लाखों रुपये का नुकसान हो रहा था। दरअसल ये लोग बिना भारत सरकार के परमिशन और बिना उनकी जानकारी के ही सर्वर और अन्य तकनीकी माध्यमों से अलग टेलीकॉम लाइन ही चला रहे थे।
नोएडा में पहले भी पकड़े गए फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज
27 मई 2021- सेक्टर-62 के आईथम टावर में चल रहे फर्जी एक्सचेंज का खुलासा
18 नवंबर 2021- एटीएस ने सेक्टर-63 में चल रहे फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज का किया खुलासा
06 सितंबर 2022- सेक्टर-63 में फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज का पर्दाफाश।
19 जुलाई 2021 - ग्रेटर नोएडा के एनपीएक्स मॉल में फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार