- मामूरा में पकड़े गए दो आरोपियों से चांदी की पायल-बिछुए मिले
- गढ़ी चौखंडी, जनता फ्लैट और मामूरा में चोरी की वारदातों का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। शहर में दुकान से जुड़े विवादों में अभद्रता, जान से मारने की धमकी और मारपीट के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-152 स्थित किंगहुड ड्राइव परियोजना में शफी अनवर पर करीब 45 लाख रुपये बकाया होने का आरोप है। एटीएस होम्स प्राइवेट लिमिटेड के विपिन लखीरा ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि शफी अनवर ने 2018 में 72 लाख 30 हजार रुपये में एक दुकान खरीदी थी। आरोप है कि उन्होंने अब तक केवल 27 लाख 50 हजार रुपये ही जमा किए हैं। कंपनी कर्मी ने बकाया भुगतान मांगने पर मारपीट और 12 सितंबर से 11 नवंबर के बीच कई बार जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया। थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने शनिवार को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
मामूरा में चोरी के सामान के साथ दो गिरफ्तार :
फेज-3 थाना पुलिस ने मंगलवार को मामूरा रोड पर चेकिंग के दौरान आकाश और प्रियांशु को गिरफ्तार किया। इनके पास से चाकू, साढ़े बारह हजार रुपये, चांदी की दो जोड़ी पायल, तीन बिछुए और पहचान पत्र बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने जनता फ्लैट, गढ़ी चौखंडी और मामूरा क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इन घटनाओं के संबंध में पहले से प्राथमिकी दर्ज हैं। एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।