डिजिटल अरेस्ट कर 43 लाख की ठगी मामले में सीएसपी संचालक गिरफ्तार
- राजस्थान से हुई गिरफ्तारी, कमीशन काटकर साइबर ठगों को देता है ठगी की रकम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 43 लाख रुपये से अधिक की ठगी के मामले में पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाने की टीम ने आरोपी के पास से दो मोबाइल बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी कमीशन काटकर साइबर जालसाजों को ठगी की रकम देता था। पुलिस की टीम इस गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
31 अगस्त को सेक्टर-62 में रहने वाली महिला ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया गया था कि साइबर जालसाजों ने पुलिस अधिकारी बनकर उन्हें डराया था और डिजिटल अरेस्ट कर लिया था। इसके बाद गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनसे 43 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली थी। एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल का कहना है कि इस मामले में साइबर टीम ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की और धोखाधड़ी में प्रयुक्त बैंक खातों को तत्काल फ्रीज़ कराया गया। इसके बाद पुलिस की टीम ने बुधवार को मदन कुमार जनपद हनुमानगढ़, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ग्राहक सेवा केंद्र चलाता है। इसमें अपने करंट बैंक खाते के माध्यम से साइबर अपराध में लिप्त अपराधियों को कमीशन काटकर नकद धनराशि बैंक से निकालकर उपलब्ध कराता है। इस मामले में आरोपी के बैंक खाते में 7.80 लाख रुपये आए थे। एडीसीपी का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य साइबर जालसाजों का पता लगाया जा रहा है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।