जिले में लंबे समय से जर्जर पड़े नहरों के किनारों के सर्विस रोड की सिंचाई विभाग मरम्मत कराएगा। हाथरस ब्रांच नहर, बढ़ार माइनर और बिसाना ड्रेन के किनारे बने सर्विस रोड की मरम्मत के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्य पर लगभग 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
ग्रामीणों की ओर से लंबे समय से इन रोड की हालत सुधारने की मांग उठाई जा रही थी। बारिश के मौसम में गड्ढों और टूटे हिस्सों के कारण इन मार्गों पर आवागमन काफी मुश्किल हो जाता है। वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार तो खराब रास्तों की वजह से एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी फंस जाती हैं।
सिंचाई विभाग ने जो प्रस्ताव बनाया है, उनमें हाथरस ब्रांच नहर, बढ़ार माइनर के एक-एक किमी और बिसाना ड्रेन के करीब डेढ़ किमी सर्विस रोड को शामिल किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन सर्विस रोड के दुरुस्त होने से न केवल इन पर आवागमन सुगम होगा, बल्कि खेतों तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। चूंकि किसान अपनी उपज मंडी तक लाने-ले जाने के लिए इन्हीं रास्तों का प्रयोग करते हैं, इसलिए सर्विस रोड ठीक होने से उन्हें भी आवागमन में आसानी होगी। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता चंद्रमौली द्विवेदी ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।