-गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने जीटी रोड चार घंटे जाम किया, जेई समेत चार पर गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज
-मुआवजा व पत्नी को नौकरी देने पर बनी सहमति, संविदा लाइनमैन की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोक बुरा हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र के जीटी रोड स्थित बालाजी कॉलोनी में फाल्ट ठीक करते समय करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों, सहकर्मियों और ग्रामीणों ने धूम मानिकपुर विद्युुत सब स्टेशन के बाहर शव रखकर करीब चार घंटे तक जाम और प्रदर्शन किया। हंगामे के बाद पुलिस की मौजूदगी में विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं परिजन मुआवजे और नौकरी के आश्वासन पर शांत हुए। पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम करा मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार जारचा निवासी रवि (32) धूम मानिकपुर बिजली घर पर संविदा लाइनमैन के पद पर तैनात था। सोमवार सुबह बालाजी कॉलोनी में बिजली फाल्ट की सूचना पर वह पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहा था। बताया गया कि उसने सब स्टेशन से आधिकारिक शटडाउन ले रखा था। इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई और वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। ट्रांसफार्मर से तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए और उसे नीचे उतारकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जाम के चलते लागू करना पड़ डायवर्जन : प्रदर्शन के कारण लगे जाम के चलते जीटी रोड, रूपवास और एनटीपीसी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से ट्रैफिक को धूम मानिकपुर बाईपास से डायवर्ट किया। सूचना पर दादरी, बादलपुर और जारचा कोतवाली पुलिस के साथ एसीपी दादरी प्रशाली गंगवार और सिटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे।
चार कर्मचारियों पर प्राथमिकी दर्ज :
मृतक की पत्नी की शिकायत पर अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, एसडीओ दीपक कुमार, जेई सोहनपाल और एसएसओ गौतम शर्मा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को मौके पर पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। विभाग की ओर से दस लाख रुपये अतिरिक्त दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मृतक की पत्नी को योग्यता के अनुसार संविदा पर नौकरी और बच्चों की पढ़ाई के लिए पेंशन संबंधी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है। वहीं एसीपी दादरी प्रशाली गंगवार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी और बच्चों का रो-रोक बुरा हाल : रवि अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए है। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। चार घंटे बाद अधिकारियों के लिखित आश्वासन और मुकदमा दर्ज होने पर परिजन जाम खोलने को राजी हुए।