-मृत व्यक्ति का पुत्र दिखाकर कराया जमीन का बैनामा, आठ आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर के अहमदपुर उर्फ गढ़ी गांव में एक महिला की जमीन पर फर्जी दस्तावेज़ों के जरिए कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में आठ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ओमप्रकाश निवासी गांव दयानतपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी मंजू रानी ने वर्ष 2009 में 1.819 हेक्टेयर भूमि का एक-तिहाई हिस्सा कश्मीरी देवी पत्नी गंगा सिंह से 12 लाख रुपये में खरीदा था। ओमप्रकाश का आरोप है कि कश्मीरी देवी को यह भूमि उनके पति ओमप्रकाश से विरासत में मिली थी। ओमप्रकाश की मौत 8 जुलाई 2004 को सड़क हादसे में हो गई थी। इसके बावजूद, कुछ लोगों ने साजिश के तहत कृष्ण कुमार उर्फ किशन सिंह के नाम से झूठे दस्तावेज तैयार कर भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, किशन कुमार, सूरजपाल सिंह, गिरीश शर्मा, लेखराज, कृपाल सिंह, लालमन, योगेश, संजय माहेश्वरी ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और दस्तावेज बनवाकर स्वयं को ओमप्रकाश का पुत्र दिखाया। आरोपियों ने उसी आधार पर रजिस्ट्री कार्यालय जेवर में जमीन का बैनामा करा लिया। आरोप है कि तहसील जेवर में पेश किए गए दस्तावेजों में जन्मतिथि को फर्जी ढंग से बदला गया, ताकि मृत व्यक्ति का पुत्र दिखाकर संपत्ति हड़पी जा सके। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।