- महिला की उंगली में फ्रैक्चर, बिसरख कोतवाली पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी-2 स्थित 14 एवेन्यू सोसाइटी में लावारिस कुत्ते को लेकर दंपती और पशुप्रेमी महिला के बीच शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। घटना में महिला की उंगली टूट गई है। पुलिस ने रविवार को पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोसाइटी निवासी दीपक शनिवार रात पत्नी और छोटे बच्चे के साथ बेसमेंट से अपने टावर की ओर जा रहे थे। तभी लावारिस कुत्ता अचानक उनके बच्चे के पास पहुंच गया। बच्चे के डर जाने पर दीपक ने पास पड़ा डंडा उठाकर कुत्ते को वहां से भगाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसी समय वहां मौजूद पशुप्रेमी महिला भावना ने इसका विरोध किया। उनका आरोप था कि दीपक कुत्ते को डंडे से मारने की कोशिश कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। मामले में हाथपाई हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिसमें दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती दिखाई दे रही है।
आरोप है कि हाथापाई के दौरान भावना को चोट लगी। जिससे उनके हाथ की एक उंगली फ्रैक्चर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर दीपक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि एक परिवार अपने बच्चे के साथ सोसाइटी परिसर में जा रहा था। इसी दौरान लावारिस कुत्ता बच्चे के पास पहुंच गया। जिससे बच्चा घबरा गया। बच्चे के पिता ने कुत्ते को वहां से हटाने का प्रयास किया, जिसका एक डॉग फीडर ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुआ था।