पलवल। नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहा किसानों का धरना 25वें दिन भी जारी रहा। बुंदेलखंड के 12 किसान भूख हड़ताल पर रहे। वहीं चौबीसी की सौरोत पाल से जुड़े कई किसान ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस की शक्ल में धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान धरना स्थल जय जवान-जय किसान के नारों से गूंजता। धरने की अध्यक्षता 52 पालों के पंच अरुण जेलदार ने की, जबकि संचालन चौहान पाल के ज्ञान सिंह चौहान ने किया। आंदोलित किसानों को भूडेर पाल, तेवतिया, चौहान पाल व रंगीला पाल का भी समर्थन जारी है।
पिछले दो दिसंबर से बुंदेलखंड व मध्य प्रदेश के किसान पलवल में केएमपी-केजीपी इंटरचेंज पर धरना दे रहे हैं। विभिन्न संगठनों के समर्थन के साथ धरने में तेजी आने लगी। देश के विभिन्न राज्यों से किसान यहां पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण भी रोजाना धरने को समर्थन देने पहुंच रहे हैं। धरना स्थल पर आगरा के गुरुद्वारा की ओर से रसोई संभालने का काम किया जा रहा है। प्रतिदिन धरना स्थल पर हजारों किसानों के लिए भोजन बनाया जा रहा है। सुबह से ही किसान अपनी-अपनी जिम्मेदारी संभाल लेते हैं।