पलवल। कैंप थाने में एक महिला ने पति समेत आठ ससुरालियों के खिलाफ मारपीट और फायरिंग करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी यादराम ने बताया कि न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी रेनु ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी आदर्श कॉलोनी निवासी देवेंद्र सिंह से हुई थी। पति-पत्नी में विवाद के बाद वह माता-पिता के पास आ गई। उसने अपने भाई को पढ़ाई के कुछ कागजात लाने के लिए ससुराल भेजा तो सास, ससुर व देवर ने उससे गाली-गलौज की। इसके बाद रेनु और उसका पिता पहुंचे तो हाथापाई हो गई। इस दौरान वहां जुटे लोगों ने उन्हें बचाकर निकाला। करीब एक-डेढ़ घंटे बाद ससुर हीरा सिंह, सास समयवती, इंद्रपाल, वीरपाल, पुनीत, राहुल, प्रदीप, देवेंद्र व चार-पांच अन्य लोग रेनु के घर पहुंच गए। दरवाजा बंद देखकर राहुल व प्रदीप ने बंदूकों से गोली चलाई और गेट को तोड़ने का प्रयास किया। झगड़े का शोर सुनकर पड़ोसी आए तो वे बाइकों पर फरार हो गए।