गाजीपुर। भारत के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को लेकर जनपद में तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवसर को भव्यता से मनाने के लिए जनपद के प्रभारी मंत्री एवं स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मंत्री ने बताया कि 31 अक्टूबर 2025 को सरदार पटेल जयंती के अवसर पर जनपद में पदयात्रा, स्वच्छता अभियान, स्वदेशी मेला, नशा मुक्ति अभियान, सेमिनार और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पदयात्रा का नेतृत्व जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा, जबकि सहयोग माई भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत युवा स्वयंसेवकों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत पोर्टल पर जोड़ा जाए और निबंध प्रतियोगिता, पॉडकास्ट, प्रश्नोत्तरी एवं राष्ट्रीय रील प्रतियोगिताओं का आयोजन कर सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनपद में आयोजित कार्यक्रमों को पोर्टल पर अपलोड किया जाए ताकि जनपद का योगदान राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज हो सके। मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों से कहा कि इस आयोजन को ऐसा स्वरूप दिया जाए, जो पूरे प्रदेश में नवाचार और अनुकरणीय उदाहरण के रूप में जाना जाए। बैठक में जिलाधिकारी अविनाश कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर, जिला युवा अधिकारी कपिल देव, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
सरदार पटेल को जाता है देश में रियासतों के विलय का श्रेय : मंत्री-गाजीपुर। देश के प्रथम गृह मंत्री, भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्तूबर से 6 दिसंबर तक अभियान चलेगा। इसकी जिला कार्ययोजना की बैठक भाजपा के छावनी लाइन स्थित जिला कार्यालय पर शनिवार को हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश के स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने कहा कि देश की गुलामी का कारण आपसी एकता की कमी एवं छोटी-छोटी रियासतों के प्रति लोगों का प्रेम था। बहुत कुछ खोने के बाद हम 15 अगस्त 1947 को आजाद हुए। आजादी के बाद देश में रियासतों के विलय का श्रेय प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को जाता है।उन्होंने कहा कि लौहपुरुष की 150वी जयंती पर जिले में रन फॉर यूनिटी का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जिले में सरदार पटेल की प्रतिमा एवं एकता द्वार के निर्माण की जरूरत बताई। जिला प्रभारी डाॅ. राकेश त्रिवेदी ने कहा कि 565 देशी रियासतों को देश में मिलाना सिर्फ सरदार पटेल के वश की बात थी। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल आयोजन एवं क्रियान्वयन के लिए 28 अक्तूबर को दिन में 1 बजे जिले के सभी विधानसभाओं की बैठक होगी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, कृष्णबिहारी राय, बृजेंद्र राय, प्रो. शोभनाथ यादव, सरिता अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता आदि मौजूद थे। संचालन महामंत्री दयाशंकर पांडेय ने और पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने आभार व्यक्त किया।