-पुलिस और एनएमआरसी स्टाफ में वार्ता के बाद काम पर लौटे कर्मचारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा-ग्रेनो के बीच एक्वा मेट्रो लाइन के सेक्टर-51 स्टेशन पर बृहस्पतिवार की सुबह सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों की मुख्य मांग वेतनवृद्धि थी। यह कर्मचारी एजेंसी के जरिए स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था में तैनात हैं। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारी संजीव ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को प्रति महीने 11500 रुपये वेतन मिलता है। इतने में परिवार का गुजारा मुश्किल हो रहा है। कई बार वेतन की मांग रखी जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
कर्मचारियों के प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस और नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के स्टाफ पहुंचे। प्रदर्शन करने वालों से बात कर उनकी मांगें सुनी गईं। उसके बाद कर्मचारी काम पर लौटे। कर्मचारियों ने मांग रखी कि श्रम प्राधिकरण की तरफ से निर्धारित वेतन दिया जाए। अनुचित उपस्थिति कटौती पर रोक लगाई जाए। बिना ठोस कारण के ड्यूटी होल्ड न की जाए। एनएमआरसी की तरफ से बताया गया कि संबधित एजेंसी को कर्मचारियों की मांग के बारे में अवगत करवा दिया गया है।