-सेक्टर 62 स्थित रामलीला मैदान में 22 सितंबर से तीन अक्तूबर तक आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। नवरात्र और दशहरा की आहट के साथ नोएडा में श्री रामलीला महोत्सव की तौयारियां पूरी रौनक पर हैं। श्री राममित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति के तत्वाधान में शिवा कला लोक कल्याण समिति, मुरादाबाद के पचपन से अधिक श्रेष्ठ कलाकार 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक सेक्टर 62 स्थित रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम की अद्भुत लीला का मंचन करेंगे।
150 फीट लंबा, 50 फीट चौड़ा और 6 फीट ऊंचा दो मंजिला मंच तैयार किया गया है, जिसे आधुनिक प्रकाश और ध्वनि संयोजन से सजाया गया है, जिससे दर्शक हर प्रसंग का जीवंत अनुभव कर सकेंगे। समिति के महासचिव मुन्ना शर्मा ने कहा कि यदि अगली पीढ़ी को कुछ देना है तो श्रीरामलीला का मंचन सबसे उत्तम है। समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने कहा कि आयोजन स्थल पर सुनियोजित मेला लगेगा जिसमें विभिन्न स्टाल, फूड कोर्ट और भव्य झूले दर्शकों को लुभाएंगे। समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग ने बताया कि दशहरा महोत्सव पर रावण का 70 फीट, कुंभकरण का 65 फीट और मेघनाद का 60 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया जा रहा है, जिनके दहन के साथ-साथ भव्य आतिशबाजी पूरे वातावरण को रोमांचित करेगी।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बजरंगलाल गोयल ने बताया कि सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए श्रीराम बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान परशुराम और महाराजा अग्रसेन की भव्य झांकियां होंगी। समिति सदस्य पवन गोयल, अनिल गोयल, एसएम. गुप्ता और कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग ने बताया कि शहर में लगभग दो दर्जन स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। यह शोभायात्रा 26 सितंबर को दोपहर एक बजे सेक्टर 20 के हनुमान मंदिर से निकलेगी और विभिन्न सेक्टरों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी।