कोरोना : जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे नमूने
-जिले में बढ़ रहे कोरोना के मामले, हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, तीन और संक्रिमत मिले
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन की ओर से सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वायरस का म्यूटेशन जानने के लिए नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भेजे जाएंगे। इस संबंध में जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी निजी अस्पतालों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को जिले में तीन नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि की गई। सक्रिय मरीजों की संख्या 56 दर्ज की गई।
प्रदेश में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले गौतमबुद्धनगर में आ रहे हैं। दिल्ली से नजदीक होने के कारण गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद को विशेष एहतियात बरतने के निर्देश शासन की ओर से दिए गए हैं। दोनों जिलों में स्थिति पर नजर रखने और जांच बढ़ाने के लिए कहा गया है। साथ ही, कोविड-19 की पिछली लहरों में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए जिलों में भी खास सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। सरकार ने कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए फ्रंट लाइन वर्करों के अलावा निजी एवं सरकारी अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। कोरोना वायरस के म्यूटेशन का पता लगाने के लिए नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे। विशेषज्ञों के अनुसार, वायरस खुद को लंबे समय तक प्रभावी बनाए रखने के लिए लगातार अपनी संरचना में बदलाव लाते रहते हैं। वायरस रूप बदल-बदलकर खुद को ज्यादा मजबूत बनाते हैं। वायरस में बदलाव होने पर कई बार मौजूदा दवाएं या वैक्सीन काम नहीं करतीं। ऐसी स्थिति में म्यूटेशन का पता लगाने के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग काम आती है।