पीक टाइम में जाम के कारण एम्बुलेंस को भी नहीं मिल पा रहा रास्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर में भारी वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश से स्कूली बच्चों और एंबुलेंस के लिए गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा हो गया है। बृहस्पतिवार को जाम से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जेवर में डंपर, ट्रक और ट्रॉली ट्रैफिक जाम का कारण बन रहे हैं। इससे न केवल स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने या घर लौटने में देरी हो रही है, बल्कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस को भी रास्ता नहीं मिल पा रहा है। छात्रों को अक्सर भारी वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों और छात्रों का कहना है कि सुबह और शाम के समय जब स्कूल खुलते और बंद होते हैं, तो भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कों पर भीड़ बढ़ जाती है। पैदल चलने वालों और छोटे वाहनों को निकलने में खासी परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस को इस समस्या पर ध्यान देने की आवश्यकता है। स्थानीय लोग बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर के अंदर स्कूल के समय भारी वाहनों का प्रवेश बंद करने की मांग कर रहे हैं।
दो महीने पूर्व हुई बैठक बेनतीजा
दो महीने पूर्व व्यापार मंडल और पुलिस के बीच हुए बैठक हुई थी। भारी वाहनों को शहर में 12 घंटों के प्रवेश वर्जित करने पर चर्चा कर सहमति बनी थी लेकिन अब दो महीने बाद नई समयसारिणी को प्रशासन की ओर से नकार दिया गया है। पहले की तरह ही सुबह 7 से 10 बजे और दोपहर 3 बजे से रात आठ बजे तक भारी वाहनों के लिए नो एंट्री यानी प्रवेश पर पाबंदी रहेगी।
—
वाहनों को रोकना संभव नहीं है
12 घंटे का नो एंट्री नोएडा में भी नहीं है। इतने देर तक वाहनों को रोकना संभव नहीं है। –उमेश यादव, एसीपी यातायात, जेवर