बीटा टू थाने में शिकायत करने पहुंचा पीड़ित।
- फोटो : Grnoida
टेस्ट ड्राइव का बहाना बना ले भागा 1.60 लाख की केटीएम बाइक
ग्रेटर नोएडा। ओएलएक्स पर केटीएम बाइक का विज्ञापन देना एक युवक को भारी पड़ गया। एक युवक ने उससे कॉल कर संपर्क किया और 1.60 लाख में बाइक खरीदने का झांसा देकर बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित कमर्शियल बेल्ट बुला लिया। इसके बाद टेस्ट ड्राइव का झांसा देकर बाइक लेकर फरार हो गया। रविवार को पीड़ित बीटा-2 थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों ने आरोपी को तलाश किया, लेकिन वह अब तक वापस नहीं लौटा। पुलिस आरोपी को तलाश रही है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से हिमाचल प्रदेश निवासी तंजीन सेक्टर-137 में रहते हैं और नोएडा के सेक्टर-71 स्थित एक कंपनी में नौकरी करते हैं। तंजीन 2018 मॉडल अपनी केटीएम बाइक बेचना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने ओएलएक्स पर उसे 1.85 लाख रुपये बेचने का विज्ञापन दिया था। रविवार को एक युवक ने उसे कॉल केटीएम खरीदने की इच्छा जाहिर की। बातचीत कर दोनों में 1.60 लाख रुपये में केटीएम का सौदा हो गया। युवक ने तंजीन को शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे कमर्शियल बेल्ट के आईसीआईसीआई बैंक के पास बुला लिया। आरोपी यहां टेस्ट ड्राइव का झांसा देकर बाइक ले गया और काफी देर तक वापस नहीं लौटा, आरोपी तंजीन का फोन भी रिसीव नहीं कर रहा था। इसके तंजीन बीटा-2 थाने पहुंच गया और पुलिस से शिकायत की।
आरोपी ने बाइक ले जाने के बाद की कॉल
तंजीन जब बीटा-2 थाने में पुलिस से शिकायत कर रहा था, तभी उसके पास आरोपी की कॉल आई और वह बोला कि वह वापस आ रहा है। पुलिस ने पीड़ित को बताया कि वह उससे बात कर कहीं भी बुला ले। आरोपी ने फिर आईसीआईसीआई बैंक के पास आने की बात कही। इस पर पुलिस तंजीन के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी नहीं लौटा। बीटा-2 थाने के एसएसआई एनपी सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान हो गई और उसके पिता से भी बात हुई। जल्द आरोपी को पकड़कर आगे की कार्रवाई होगी।