24 घंटे में एक करोड़ की अवैध शराब बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। जिले में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर 24 घंटे में तीन ट्रकों में लदी 1032 पेटी (18 हजार लीटर) शराब बरामद की है। नोएडा सेक्टर-58, दादरी और जारचा पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्र में कार्रवाई कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। जबकि कार में चल रहे दो तस्कर भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पकड़ी गई शराब की कीमत एक करोड़ रुपये बताई है। सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने 403, दादरी पुलिस ने 400 व जारचा पुलिस ने 229 पेटी शराब बरामद की है। आरोपी हरियाणा से शराब तस्करी कर दो ट्रक बिहार और एक कानपुर ले जाया जा रहा था।
पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बावजूद बिहार में शराब बंदी का लाभ उठाने के लिए तस्कर लगातार तस्करी कर रहे हैं। इससे एसएसपी ने जिले भर में अभियान चलाकर शराब तस्करों पर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि नोएडा में लेबर चौक के पास से सेक्टर-58 थाना पुलिस ने एक ट्रक को रोका। इसमेें रखी बोरियों में धान के छिलके थे। गहनता से जांच में पता चला कि नीचे हरियाणा मार्का शराब की 403 पेटी है। इसके बाद तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। सेक्टर-58 एसओ शावेज खान ने बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान हरियाणा पानीपत के मोनू, विजय और सुल्तानपुर के बिजेंद्र प्रताप के रूप में हुई है। आरोपियों ने बताया कि कार में सवार होकर सरगना फरार हो गए हैं। इनमें एक संत कबीर नगर का पंकज उपाध्याय और दूसरा सोनीपत का मेनपाल है। गिरोह धान के फर्जी ई-बिल और बिल्टी बनाकर शराब तस्करी करता है। आरोपियों के पास से फर्जी ई-बिल व बिल्टी बरामद हुई है।
वहीं, दादरी में शनिवार रात पुलिस कोट नहर पर जांच कर रही थी। पुलिस ने दादरी की तरफ से आए छह टायर ट्रक की तलाशी ली। इसमे 400 पेटी शराब बरामद की गई। मौके से एक आरोपी तस्कर हिमाचल प्रदेश निवासी अशोक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने बताया कि वह शराब को कानपुर ले जा रहा था। उधर, जारचा पुलिस सोमवार रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक हरियाणा से शराब लेकर बिहार जा रहा है। पुलिस टीम सक्रिय हो गई। रात करीब बारह बजे पुलिस ने एक ट्रक से 229 पेटी अवैध शराब बरामद की। मौके से पकड़े गए तस्कर की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी दीपक हुड्डा के रूप में हुई है। आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के भिवानी से ट्रक लेकर बिहार जा रहा था। इस ट्रक के आगे भिवानी निवासी विनोद व गोलू एक कार में उनके साथ चल रहे थे, लेकिन पुलिस के ट्रक को रोकते ही आरोपी भाग गए।