खेत में ड्रोन होने की अफवाह उड़ी
रबूपुरा तिरथली मार्ग पर स्थित चाइन कॉलोनी पर पूरे दिन अफवाहों का बाजार गर्म रहा। शुक्रवार रात करीब 11:00 बजे ड्रोन के साथ बदमाशों के आने की भी अफवाह उड़ी तो घरों से लोग निकलकर आने लगे। लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर खेतों की ओर दौड़ पड़े। बाद में ड्रोन कॉलेज के पास खेत में होने की अफवाह उड़ी लेकिन वहां भी कोई नहीं मिला।
20 कैमरे लगे ड्रोन गांव के ऊपर उड़ रहे हैं
दनकौर के ईसपुर गांव में रात 11 बजे ही अफवाह उड़ी कि 20 कैमरे लगे ड्रोन गांव के ऊपर उड़ रहे हैं। अफवाह फैलने से गांव में दहशत का माहौल हो गया। जिसके बाद ग्रामीण घरों की छत पर लाठी डंडे लेकर चढ़ गए। ग्रामीणों का कहना है कि ड्रोन काफी नीचे उड़ रहे थे। सूचना के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची। कुछ देर बाद यह कैमरे गायब हो गए। ग्रामीण ओमकार भाटी का कहना है कि करीब तीन घंटे तक गांव के ऊपर ड्रोन उड़ते रहे लेकिन पुलिस ने इन तथ्यों को नकार दिया। वहीं, ग्रेटर नोएडा के बरसात पुर गांव में भी कुछ इसी तरह की अफवाह से ग्रामीणों में खौफ का माहौल बन गया।
ड्रोन कैमरे उड़ाने के शक में राहगीरों से की मारपीट
अधिकांश गांवों में ड्रोन उड़ने की अफवाह फैली हुई है। ग्रामीण तरह तरह के कयास लगाकर रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि चोर कैमरे से घरों की रेकी कर रहे हैं। दूसरी ओर, रात के वक्त नौकरी, अस्पताल आदि से देर रात घर लौटते वक्त पहरा दे रहे असामाजिक तत्व ड्रोन उड़ाने के शक में राहगीरों से अभद्रता व मारपीट कर रहे हैं। दो दिन पहले एक पुलिसकर्मी से अच्छेजा गांव में घर लौटते वक्त मारपीट की गई, जिसमें पुलिस ने शिकायत के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार देर रात अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी के पास वापस घर लौटते वक्त एक बैंककर्मी की कार का असामाजिक तत्वों ने बाइक से घर तक पीछा किया। इस मामले में भी पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
सप्ताह भर से लोगों में फैली अफवाह
ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार रात के समय ड्रोन जैसी चीज उड़ने का ग्रामीण दावा कर रहे हैं। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं हो पा रही है। लोग आसपास में उड़ रही हवाई जहाज जैसी चीज का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर रहे हैं।