सिविल लाइंस में रिज रोड पर दिया बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम
सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश, किसी जानकार का हाथ होने की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सिविल लाइंस इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने खिलौना कारोबारी के कलेक्शन एजेंट हरि प्रसाद (36) से 2.08 लाख रुपये लूट लिए। लूट का मामला दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज से पड़ताल कर रही है। हरिप्रसाद ने चांदनी चौक स्थित साइकिल मार्केट से आठ लोगों से पैसे लिए थे। इसके बाद वह मालिक के कल्याण विहार, मॉडल टाउन स्थित घर लौट रहा था। रास्ते में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, आनंद पर्वत निवासी हरिप्रसाद आजादपुर की फैक्टरी में दीपक गुप्ता के पास काम करता है। हरिप्रसाद का काम माल की रकम जमा करना था। मंगलवार को वह मालिक के कहने पर चांदनी चौक स्थित साइकिल मार्केट आया था। अलग-अलग दुकानदारों से रुपये लेकर उसने स्कूटी की डिग्गी में डाल दिए और लौटने लगा। रात करीब 7:45 वह बोंटा पार्क, रिज रोड के पास बाइक सवार तीन लड़कों ने उसे रोक लिया और पिस्टल दिखाकर रुपये लूट लिए। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात में हरिप्रसाद के करीबी का हाथ हो सकता है।