रोडवेज ने बच्चों के लिए शुरू की स्पेशल पिकनिक सेवा
गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को दिया तोहफा, चार रूटों पर चलेंगी 40 बसें
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को देखते हुए रोडवेज ने बच्चों को तोहफा दिया है। प्रबंधन की ओर से बच्चों के लिए पिकनिक सेवा शुरू की गई है। चार जगहों के लिए 40 बसों को लगाया गया है। वहीं चार रूट तय किए गए हैं।
चार रूटों में हरिद्वार, कोटद्वार, हल्द्वानी और मथुरा के लिए स्पेशल पिकनिक सेवा की शुरुआत की गई है। यह सेवा 30 जून तक जारी रहेगी। बसों का समय सुबह छह बजे से शाम के छह बजे तक रखा गया है। सुबह छह बजे से हर घंटे इन रूटों के लिए बसें डिपों से उपलब्ध हो जाएंगी। विभाग ने हरिद्वार जाने वालों के लिए 377 रुपये किराया रखा है। वहीं, कोटद्वार के लिए 345 रुपये, हल्द्वानी के लिए 406 रुपये और मथुरा के लिए 254 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। एआरएम एनपी सिंह ने बताया कि बच्चों के लिए स्पेशल सेवा है हर घंटे बसें उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े इसका भी खास ख्याल रखा गया है। सभी चालकों को तैयार कर दिया गया है। बुधवार सुबह से सेवा शुरू हो जाएगी।