नोएडा (संवाद)। लंबे रूट पर बस संचालन न होने के कारण रोडवेज से बसें खाली दौड़ने को मजबूर हैं। त्योहारों के दौरान भी बसों में यात्रियों की संख्या कम रही। कई बार बस में यात्रियों की संख्या 20 भी नहीं होती है। ऐसे में चालकों को मजबूरन खाली बस डिपो से निकालनी पड़ रही है। परिचालक द्वारा आवाज लगाकर यात्रियों को बुलाने के बाद भी यात्री नहीं मिलते। नोएडा डिपो के पास 188 साधारण बसें हैं जिनका संचालन विभिन्न मार्गों पर किया जाता है। इनमें छोटे रूट की बसें ज्यादा हैं इससे यात्री प्राइवेट बसों से यात्रा करने को मजबूर हैं। यहां सबसे लंबी दूरी पर चलने वाली बस लखनऊ की है लेकिन लखनऊ के लिए अन्य परिवहन भी उपलब्ध हैं जो कम समय में यात्रियों को पहुंचा देते हैं।
आगरा, मथुरा-मेरठ रूट पर ही सवारी
रोडवेज से सबसे ज्यादा बसें आगरा, मथुरा, एटा, मेरठ रूट पर चलती हैं। इन रूटों पर यात्री आसानी से मिल जाते हैं। होली और अन्य त्योहारों पर भी इन रूट पर बसों ने अतिरिक्त फेरे लगाए गए।
-
हापुड़ तक सीधी बस शुरू करने पर विचार
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। परी चौक से हापुड़ तक रोडवेज सीधी बस सेवा शुरू करने पर विचार कर रहा है। इससे ग्रेटर नोएडा, दादरी और एनटीपीसी क्षेत्र के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में ग्रेटर नोएडा से हापुड़ जाने के लिए यात्रियों को नोएडा और गाजियाबाद होते हुए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। परी चौक से हापुड़ की सीधी दूरी करीब 50 किलोमीटर है, अनुमान है कि सीधी बस सेवा से यह दूरी करीब एक घंटे में पूरी हो जाएगी। अभी यात्रियों को करीब 4 से 5 घंटे लग जाते हैं। प्रस्तावित रूट के तहत बसें परी चौक से सूरजपुर, दादरी, एनटीपीसी और धौलाना होते हुए हापुड़ तक चलाई जा सकती हैं। आर्य प्रतिनिधि सभा के उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य के अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में यात्रियों को पहले करीब 25 किलोमीटर का सफर तय कर नोएडा पहुंचना पड़ता है, इसके बाद 30 किलोमीटर गाजियाबाद और फिर 40 किलोमीटर हापुड़ तक जाना होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। सीधी बस सेवा के अभाव में ग्रामीणों और दैनिक यात्री डग्गामार वाहनों में यात्रा करने को मजबूर हैं जिससे उन्हें ज्यादा किराया देना पड़ता है।
-
कोट
बीते कुछ समय से यात्रियों की संख्या कम हुई है। हालांकि बसों का संचालन लगातार किया जा रहा है ताकि यात्रियों काे परेशानी न हो। - रोहिताश कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नोएडा डिपो।
इस रूट पर बस चलाने के लिए विचार चल रहा है। जल्द ही इस पर बस सेवा शुरू की जाएगी। - दिनेश कुमार, एआरएम सिकंदराबाद डिपो।