पलिया-गौरीफंटा मार्ग पर कीचड़ में फंसी रोडवेज बस। संवाद
गौरीफंटा। दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर दुधवा से डिगनिया तक कई किलोमीटर सड़क के किनारे साइडों में खड़ंजा नहीं है। इससे बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भरने से मालवाहक वाहन आए दिन फंस जाते हैं।
शनिवार सुबह भी उक्त मार्ग पर रोडवेज की बस फंस गई। इससे करीब दो घंटे तक मार्ग पूरी तरह से बंद रहा। ऐसे में वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दुधवा से डिगनिया तक सिंगल 19 किलोमीटर मार्ग का निर्माण कराया गया था। इसमें दुधवा से करीब छह किलोमीटर आगे तक दोनों तरफ ईंट का खड़ंजा लगाया गया था, लेकिन इसके आगे खड़ंजा न लगने से बारिश से कीचड़ हो जाता है और वाहनों के निकलने से बड़े-बड़े गड्ढ़े भी हो गए हैं।
आए दिन इसमें वाहन फंसकर पलट भी जाते हैं। शनिवार को सुबह छह बजे गौरीफंटा से लखनऊ जा रही बस साइड देने के लिए सड़क के नीचे उतरी तो गड्ढ़े में भरे पानी और कीचड़ में फंस गई। इसके बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और रास्ता जाम हो गया।
करीब आठ बजे के बाद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद रोडवेज बस को निकाला और उसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।