तेज रफ्तार कार की टक्कर से सुरक्षाकर्मी की मौत
नोएडा। तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। सेक्टर-2 स्थित एक कंपनी के बाहर हुए इस हादसे के बाद मृतक के पिता ने कोतवाली फेज वन में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से ओरैया निवासी अशोक कुमार वर्तमान में सेक्टर-2 के ए ब्लॉक में रहते हैं। इनका बेटा प्रदीप कुमार सेक्टर दो के ही सी ब्लॉक में स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। 20 अगस्त को वह रोजाना की तरह कंपनी के गेट पर मौजूद था। इसी दौरान इटावा का मनोज कुमार कार से आया और प्रदीप कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रदीप कुमार दूर जाकर गिरे। उन्हें सिर समेत शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई।
शिकायतकर्ता दो दिन तक घायल बेटे का नोएडा में इलाज कराता रहा। हालांकि खर्च ज्यादा आने के कारण शिकायतकर्ता बेटे को लेकर इटावा चला गया और उसका वहीं के मेडिकल कॉलेज में उपचार चला। घटना के चार दिन बाद उपचार के दौरान प्रदीप की मौत हो गई। अब घर से वापस आने के बाद पीडि़त की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली फेज वन के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान का कहना है कि इस मामले में पुलिस की जांच चल रही है ।