यमुना सिटी(संवाद)। जेवर के बंकापुर गांव से होकर गुजर रही 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन ग्रामीणों के लिए खतरा बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार लोग इसकी चपेट में आकर हादसों का शिकार हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से गांव में भय का माहौल है, जिसके बाद ग्रामीण इसे हटाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली लाइन घरों और खेतों के बिल्कुल पास से गुजर रही है। कभी भी कोई हादसा हो सकता है। खेतों में काम करने और बारिश के दिनों में लाइन के नीचे से गुजरना और भी खतरनाक हो जाता है। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने इस हाईटेंशन लाइन को गांव से हटाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है।