नोएडा। नोएडा एलिवेटेड रोड पर हुए गड्ढे की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। प्राधिकरण के इंजीनियरों ने अपनी तरफ से इसका संभावित कारण तलाश लिया है। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश का कहना है कि एलिवेटेड रोड पर गड्ढा होने की घटना को गंभीरता से लिया गया है। आईआईटी से इसकी जांच कराई जा रही है। प्राधिकरण के इंजीनियरों ने अनुमान जताया है कि पास से गुजरने वाले नाले की गैस का प्रतिकूल असर भी गड्ढा होने की वजह हो सकता है। मरम्मत का जिम्मा भी आईआईटी को देने का निर्णय लिया गया है।
इस रोड पर नौ साल में ही गड्ढा होने से निर्माण की मजबूती पर सवाल उठे थे। 20 अक्तूबर को गड्ढा होने के 30 दिन बाद भी बुधवार शाम तक आईआईटी रुड़की की जांच रिपोर्ट नहीं मिली। रिपोर्ट का इंतजार है। इंजीनियरों ने अधिकारियों को बताया है कि एलिवेटेड रोड के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे से कोंडली नाला गुजरता है। नाले से निकलने वाली गैसों का इस हिस्से पर प्रतिकूल असर पड़ने का अंदेशा है। इंजीनियरों ने आसपास के सेक्टरों में भी ऐसी समस्याएं बताई हैं। इनमें उपकरणों और सामान में खराबी, प्लास्टर फूलने और लोहे में जंग लगने की शिकायतें शामिल हैं।
इंजीनियरों के इस अनुमान से अलग प्राधिकरण ने मरम्मत का जिम्मा भी आईआईटी रुड़की को देने का निर्णय लिया है। आईआईटी के इंजीनियरों ने अपने अध्ययन के आधार पर प्राधिकरण को बताया है कि गड्ढा होने वाली जगह के आसपास कंक्रीट पैनल में बारीक दरारें भी मिली हैं।
माना जा रहा है कि करीब 60 मीटर हिस्से से पुराना कंक्रीट हटाकर नया कंक्रीट डाला जाएगा। इसके अलावा यहां लगे कंक्रीट पैनल भी बदले जा सकते हैं। ऐसे में 10 दिसंबर से पहले एलिवेटेड रोड की सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली बंद लेन खुलना मुश्किल है। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि अभी आईआईटी की रिपोर्ट नहीं आई है।