मोहाली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यूपी की टीम बनी उपविजेता
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी।
नोए़डा। पंजाब के मोहाली में आयोजित राष्ट्रीय रिदमिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में नोएडा की पनिका वशिष्ठ ने क्लब्स स्पर्धा में कांस्य और विविना ने हूप्स स्पर्धा में रजत पदक जीता। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की टीम ने भी सब-जूनियर वर्ग में रजत पदक हासिल किया है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से प्रदेश की रिदमिक जिम्नास्टिक टीम में उत्साह है।
मोहाली में 17 से 20 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय जिम्नास्टिक महासंघ की ओर से किया जा रहा है। इसमें जूनियर, सीनियर और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के सब-जूनियर वर्ग में पनिका वशिष्ठ, अहाना गुप्ता, विविना और कियारा खुराना ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इनमें पनिका और विविना ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जबकि चारों खिलाड़ियों के सामूहिक प्रदर्शन से यूपी की टीम रजत पदक जीतने में सफल रही।
रिदमिक जिम्नास्टिक में खिलाड़ी संगीत की धुन पर नृत्य और जिम्नास्टिक का तालमेल दिखाते हैं। इस खेल में खिलाड़ियों को चार प्रमुख उपकरणों हूप, बॉल, क्लब्स और रिबन का इस्तेमाल करते हुए अपनी कलात्मकता, संतुलन, लचीलापन और कौशल का प्रदर्शन करना होता है। संगीत की लय के साथ उपकरणों का बेहतर तालमेल इस खेल को खास बनाता है।
पिछले साल पदक की दौड़ से बाहर थी टीम
टीम से जुड़े सदस्यों के अनुसार, पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश की टीम शीर्ष टीमों की प्रतिस्पर्धा में भी शामिल नहीं थी। ऐसे में इस बार कम समय में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों की इस सफलता को प्रदेश में रिदमिक जिम्नास्टिक के विकास के लिए अहम मोड़ माना जा रहा है।