इकोविलेज-1 में 25 प्रतिशत शुल्क वृद्धि से भड़का आक्रोश, 22 नवंबर को करेंगे प्रदर्शन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इकोविलेज-1 सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क वृद्धि को लेकर विवाद फिर गहरा गया है। करीब सात हजार परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ने से निवासी लामबंद हो गए हैं। पहले 40 प्रतिशत वृद्धि के खिलाफ 35 दिन तक आंदोलन करने के बाद अब प्रबंधन ने फिर 25 प्रतिशत शुल्क बढ़ा दिया है। इसके विरोध में बुधवार रात हुई बैठक में 22 नवंबर को प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। निवासियों ने चेतावनी दी कि पुरानी दरें बहाल नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
सोसाइटी निवासी संजय शर्मा ने बताया कि एक जून 2026 से मेंटेनेंस शुल्क में करीब 40 प्रतिशत वृद्धि की गई थी। इसके विरोध में 35 दिन तक धरना-प्रदर्शन चला। इस दौरान विधायक तेजपाल नागर ने भी मौके पर पहुंचकर निवासियों की समस्याएं सुनी थीं। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों से शिकायत के बाद 25 सितंबर से पुरानी दरें बहाल कर दी गई थीं।
निवासियों का आरोप है कि दो महीने बाद ही प्रबंधन ने फिर 25 प्रतिशत शुल्क बढ़ा दिया। इस बार भी लोगों को विश्वास में नहीं लिया गया। निवासियों ने शुल्क वृद्धि से पहले वित्तीय विवरण सार्वजनिक करने और एपेक्स कोर्ट कमेटी की मंजूरी लेने की मांग की है।
बैठक में तय हुआ कि प्रदर्शन से पहले सांसद, विधायक और एपेक्स कोर्ट कमेटी के अधिकारियों से मिलकर शिकायत की जाएगी। निवासियों ने पिछले साढ़े तीन महीनों में कैंप वृद्धि के नाम पर करीब तीन करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस रकम का पूरा हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया है।