- वाहन चालकों को कम विजिबिलिटी होने के कारण दुर्घटना का सता रहा खतरा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित राइस चौकी से जलपुरा वाली सड़क पर धूल उड़ने के कारण निवासियों को परेशानी हो रही है। इसके साथ ही वाहन चालकों को कम विजिबिलिटी होने के कारण दुर्घटना का खतरा सता रहा है। इसको लेकर कई बार लोग प्राधिकरण से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले राकेश कुमार ने बताया कि राइस चौकी से जलपुरा वाले रास्ते की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं और हर समय धूल उड़ती है, जिससे लोगों को वाहन चलाने में ज्यादा परेशानी हो रही है। धूल उड़ने के कारण ज्यादा दूरी तक लोग नहीं देख पाते हैं, जिससे हादसों का खतरा भी बना रहता है। सड़क पर विजिबिलिटी अधिक कम हो जाती है। सबसे ज्यादा परेशानी दो पहिया वाहन चालकों को होती है। वहीं टेकजोन चार की सोसाइटियों में रहने वाले निवासियों ने बताया कि धूल के कारण सांस लेने में परेशानी होती है। ला रेजीडेंशिया सोसाइटी के रहने वाले आशीष ने बताया कि सोसाइटी के सामने बनी हुई सड़क पर अधिक धूल जमी हुई है, जो कि तेज हवाओं और वाहनों के आने पर उड़ने लगती है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में तकलीफ होती है। लोग अपने घर की बालकनी तक नहीं खोल पा रहे हैं।