- निवासियों का आरोप, 500 से अधिक परिवार पांच साल से रजिस्ट्री का कर रहे इंतजार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित जेकेजी पाम कोर्ट सोसाइटी में रविवार को निवासियों ने रजिस्ट्री की मांग को लेकर बिल्डर प्रबंधन के सेल्स कार्यालय पर प्रदर्शन किया। विरोध जताने के लिए निवासियों ने फ्लैट की बालकनी में रजिस्ट्री की मांग का बैनर लगाया है। सोसाइटी वासियों का कहना है कि 500 से अधिक परिवार पांच साल से रजिस्ट्री शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। सारे फ्लैट मालिक जिन्हें 2020 में कब्जा मिल गया था उनकी भी रजिस्ट्री नहीं हो पाई है। निवासियों के मुताबिक बिल्डर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का 20 करोड़ से अधिक बकाया है। इस वजह से रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है।
आरोप है कि बिल्डर लगातार फ्लैट्स सेल करने के बाद भी बकाया नहीं चुका रहा है। सोसाइटी निवासी संतोष झा ने बताया कि लोग बिल्डर से रजिस्ट्री शुरू कराने की मांग कर रहे हैं। इस मामले में बिल्डर की ओर से न तो कोई सीधा जवाब मिल रहा है और न ही बैठक का समय। रजिस्ट्री नहीं होने के कारण रिसेल हो रहे फ्लैट पर बिल्डर 1000 से 1500 रुपये स्क्वायर फुट तक ट्रांसफर चार्ज वसूल कर रहा है। वहीं, सोसाइटी के मेंटेनेंस प्रबंधन की तरफ से राहुल ने बताया कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंनें इस बारे में कुछ भी बोलने से इन्कार किया। रविवार को विरोध कर रहे लोगों में गरिमा मित्तल, पीएस त्रिपाठी, सीपी राय, रमा शंकर राय, अजय सेठ, राम लखन केसरवानी, अशोक त्रिवेदी आदि शामिल रहे।