बिल्डर पर लापरवाही का आरोप, रजिस्ट्री न होने से बढ़ी नाराजगी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित वेदान्तम सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में लंबे समय से मेंटेनेंस, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन बिल्डर की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
निवासियों ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने पूरी राशि लेने के बावजूद अभी तक रजिस्ट्री नहीं कराई है, जिससे लोगों को अपने घर का मालिकाना हक नहीं मिल पा रहा है। कई बार शिकायत करने और प्राधिकरण से मदद मांगने के बाद भी समाधान नहीं मिला।
सोसाइटी के निवासी उमेश और दीपक ने बताया कि कई टावरों की लिफ्टें खराब हैं और सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे। बेसमेंट पार्किंग में नाली का पानी भरा रहता है और रोशनी की कमी है। वहीं टावरों में बिजली के तार लटक रहे हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक हैं।
निवासियों का कहना है कि पार्किंग विवाद रोजाना होता है और प्रबंधन हर बार सिर्फ आश्वासन देता है। कई बार प्रदर्शन के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। निवासियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सभी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल जातीं, प्रदर्शन जारी रहेगा।