सरायतरीन(संभल)। बहजोई और पवांसा ब्लॉक के 53 गांव ऐसे हैं जिनके मुख्य मार्ग ही बदहाल हैं। इन मार्गों पर कीचड़ और जलभराव की समस्या है। बरसात खत्म हुए काफी समय हो चुका है लेकिन इन गांवों के लोग हर समय बरसात महसूस करते हैं। जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई इसलिए गांव का पानी ही इन मार्गों पर जमा हो गया है। बाइक से निकलना मुश्किल है, पैदल चलना तो दूर की बात रही। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से शिकायत करते आ रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जाती। पवांसा ब्लॉक के 41 गांव हैं जहां मुख्य मार्ग और गांव के अंदर के मार्गों पर कीचड़ और गंदगी पसरी है। वहीं बहजोई ब्लॉक के 12 गांव इस तरह बदहाल से जूझ रहे हैं। त्योहारों का सीजन भी खत्म हो गया लेकिन ग्राम पंचायत सफाई तक नहीं करा सकीं। इन मार्गों की हालत सुधार करना तो दूर की बात है। कहने तो इन गांवों में कई ग्राम पंचायत ओडीएफ प्लस योजना में भी शामिल हैं। लेकिन यह कागजों में दुरुस्त हैं। हकीकत में इस योजना का कई गांवों में असर दिख नहीं रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि संक्रमित बीमारियों का खतरा है। बुखार से लोग जूझ रहे हैं।
0000000
गांव बिजपुरी ओडीएफ प्लस योजना में शामिल, तीन मार्ग बदहाल पड़े
गांव बिजपुरी में गांव के तीन मुख्य मार्ग बदहाल हालत में पड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तीन साल से यही हालत है। ओडीएफ प्लस योजना में शामिल कागजाें में किया गया है। जलभराव से निजात मिलती तो लोगों को राहत मिल पाती।
0000000
परिषदीय विद्यालय का रास्ता भी कीचड़ से भरा
गांव मिलक सैंजना में जो रास्ता उच्च प्राथमिक विद्यालय को जाता है। वह कीचड़ से भरा है। बच्चे हर दिन इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। करीब 800 मीटर इस रास्ते को सुधारने के लिए कई बार मांग उठ चुकी है लेकिन हर बार आश्वासन तो मिलता है लेकिन समाधान नहीं किया जाता। यही स्थित गांव बरखेड़ा सोनक में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के सामने से जा रहे मार्ग की है। इस मार्ग पर भी लंबे समय से कीचड़ है। जबकि ग्राम पंचायत ओडीएफ प्लस योजना में शामिल है।
00000000000
इन गांवों में बदहाल है तस्वीर-
पवांसा ब्लॉक- गांव किसौली, लहरा कंमगर, बिछौली, बसला, सैंण्डा उर्फ सहरिया, बिचपुरी, साकिन शोभापुर खालसा, दतावली, शकरपुर, खिरनी मोहिउद्दीनपुर, नगलिया बल्लू, कासमपुर जगरूप, मोहम्मदपुर बाबई, पवांसा, अतरासी, विक्रमपुर तहरपुर, करीमपुर, बंजरपुरी, सैंजना, धुरैटा मिलक, सैंजना सिकंदरपुर, मिलक धुरैटा, पैंतिया, निबौरा, करछली, असलमपुर, मल्लाह मुस्तफाबाद, गौहत, लधनपुर, शाहबाजपुर, भमौरी पट्टी, बागड़पुर इम्मा, गंगनेटा, सारंगपुर, कैली, ऐंचौली, नगला खोकर, काजी बहेटा, ऐंजरा, करेली, मंगनपुर।
बहजोई ब्लॉक- गांव बरखेड़ा सोनक, अर्जुनपुर खुर्द, किरारी, श्यौराजपुर, बल्लमपुर, अर्जुनपुर जूना, श्यौराजपुर की मढैया, बबनपुरी कलां, चाटन, पगौना, चंदनकटी चूहा, चकरपुर मैमरी।
0000000
गांव में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के सामने वाले मार्ग पर कीचड़ और जलभराव है। त्योहारों के सीजन में भी मरम्मत तो दूर की बात सफाई तक नहीं की गई।
-नीरज यादव, गांव मिलक सैंजना
0000
उच्च प्राथमिक विद्यालय के सामने और मुख्य मार्ग पर चार साल से कीचड़ और जलभराव है। तमाम शिकायतें की हैं लेकिन सुनवाई कहीं नहीं हुई। मजबूरन लोग इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं।
-अवधेश यादव, गांव बरखेड़ा सोनक
0000000
ग्राम पंचायत ओडीएफ प्लस योजना में शामिल है लेकिन मूलभूत सुविधा में शामिल मार्ग ही बदहाल है। अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे। लोग संक्रमित बीमारियों से जूझ रहे हैं।
-साफिक हुसैन, गांव रझेड़ा सलेमपुर
0000
गांव के तीन मार्ग कई साल से बदहाल हैं। गांव ओडीएफ प्लस योजना में शामिल है। इस योजना की हकीकत जानने के लिए अधिकारी आएं तो उनको सही तस्वीर दिखाई देगी। लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं।
-सुनील यादव, गांव बिचपुरी
-
ब्लॉक क्षेत्र के जिन गांवों में मुख्य मार्ग पर जलभराव कीचड़ गंदगी की समस्या है। उन गांवों में समूह लगाकर साफ सफाई कराई जाएगी। जलभराव की समस्या का समाधान भी कराया जाएगा।
-अमरजीत सिंह, बीडीओ पवांसा