ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी दो टाउनशिप के अंदर बैंक्विट हॉल में देर रात तक चल रहे निर्माण कार्य के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौैरान पूरी रात शोर होता रहता है। इससे निवासियों को सोने में परेशानी हो रही है। नींद नहीं पूरी होने के कारण बच्चों के साथ बड़े भी बीमार हो रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत भी की जा चुकी है लेकिन लगातार पूरी रात काम चल रहा है।
गौड़ सिटी दो टाउनशिप के निवासियों ने बताया कि टाउनशिप के अंदर बैंक्विट हॉल का निर्माण कार्य चल रहा है। बैंक्विट हॉल के पास 11 एवेन्यू, 12 एवेन्यू और व्हाइट ऑर्किड जैसी कई सोसाइटियां पड़ती हैं। टाउनशिप में रहने वाले राकेश और बितुल ने बताया कि पिछले कई महीनों से बैंक्विट हॉल का निर्माण कार्य देर रात को भी किया जा रहा है, जो अब पूरी रात होने लगा है। इससे सोसाइटी में रहने वाले लोग परेशान हो चुके हैं। निर्माण कार्य से निकलने वाली तेज आवाज लोगों को परेशान कर रही है। इसको लेकर कई बार प्राधिकरण से भी शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। रंजना ने बताया कि निर्माण कार्य का शोर सबसे अधिक बुजुर्गों को परेशान कर रहा है। उनकी नींद नहीं पूरी हो पा रही है। जिससे वह बीमार पड़ रहे हैं। बालकनी में खड़े होने जाते हैं तो धूल उड़ती है और लोगों को दिक्कत होती है। ब्यूरो