निवासी बोले कई बार धरना प्रदर्शन के बाद भी नहीं हुआ सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ओमेगा स्थित अंसल गोल्फ लिंक-1 सोसाइटी में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इससे निवासी परेशान हैं। सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था, बुनियादी सुविधा और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। रविवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में निवासियों ने बताया कि सोसाइटी की सड़क जर्जर है। पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। स्ट्रीट लाइट खराब पड़ीं हैं। लोगों को उच्च गुणवत्ता का पेयजल नहीं मिल रहा हैं। पार्क बदहाल पड़े हैं। सोसाइटी में बढते पीजी के कारण निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था खासी कमजोर है। बाउंड्रीवॉल टूटी होने के कारण सोसाइटी में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग रहता है। रात्रि में महिलाओं का सोसाइटी में घरों के आसपास भी घूमना दूभर हो गया है। आए दिन चोरी की वारदात हो रही है।
जर्जर सड़क के कारण स्कूल बस भी गेट पर ही बच्चों को छोड़कर चली जाती है। निवासियों का आरोप है कि फ्लैट बेचते समय बिल्डर ने यहां पर सोसाइटी सुविधा मुहैया कराने का वादा किया था। लेकिन वर्षों बाद भी आज तक यहां पर किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सका हैं। बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। निवासियों ने कहा कि यदि जल्द ही सोसाइटी की समस्याओं का समाधान प्राधिकरण की ओर से नहीं किया जाता हैं, एक बार फिर धरना प्रदर्शन किया जाएगा और लखनऊ के लिए कूच किया जाएगा।
सोसाइटी की सड़कें जर्जर स्थिति में हैं। रात्रि में बाइक सवार और महिलाएं व बुजुर्ग गिर कर घायल हो जाते हैं। - जतन सिंह
स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। आए दिन चोरी हो रही है। शाम के बाद महिलाओं का भी घरों से निकलना दूभर हो रहा हैं। - अमर दीप सिंह
सोसाइटी में सीवर लाइन ओवर फ्लो होकर बह रही हैं। इससे सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है। - जितेंद्र कुमार
सड़कें टूटी होने के कारण स्कूल बस बच्चों को गेट पर उतार देती है। एक किमी दूर से बच्चों को लाना होता हैं।- पिंकी त्यागी
नियमित साफ-सफाई के कारण पार्क बदहाल स्थिति में हैं। इससे बच्चे घरों में कैद होकर रहे गए हैं। - एसपी सिंह
गंगाजल की सप्लाई देने का वादा किया गया था। वर्षों बाद ही लोगों को गंगाजल का इंतजार हैं। - सीपी सिंह