33 डिग्री तापमान के साथ ही खराब हवा में सांस ले रहे शहरवासी
नोएडा का एक्यूआई 274 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 305 रहा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मौसम में बदलाव के साथ ही हवाओं का रुख भी बदल रहा है। रविवार को लगातार दूसरे दिन भी नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) ऑरेंज जोन में और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई रेड जोन में दर्ज किया गया।
ऐसे में नोएडा का एक्यूआई 274 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 305 रहा। रेड जोन की वजह से ग्रेटर नोएडा की हवा सांस लेने लायक नहीं रही और नोएडा की हवा भी खराब स्थिति में बनी हुई है। वहीं, रविवार को जारी हुई आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले ही जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा था। 24 घंटे में तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। वहीं, पूर्वानुमान के मुताबिक अब तापमान में दिन पर दिन बढ़ोतरी होगी। ऐसे में धूप में तेजी होती जाएगी और तापमान बढ़ने से गर्मी भी बढ़ेगी। मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि मार्च के पहले पांच दिन औसत से ज्यादा गर्म रहे और आगे भी गर्मी बढ़ने की संभावना है। पहाड़ों पर लगातार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आएंगे लेकिन इनकी तीव्रता कम रहेगी। इससे सिर्फ ऊंचे पहाड़ों पर ही बारिश होगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, बिहार और झारखंड में तेज हवाएं चलेंगी।