उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) आम्रपाली बिल्डर के मामलों पर सुनवाई करेगा। जल्द ही सुनवाई की तिथि तय होगी, जिसकी जानकारी शिकायत करने वाले सभी खरीदारों को दी जाएगी।
हालांकि, किसी भी मामले में फैसला नहीं लिया जाएगा। रेरा के सदस्यों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट का अंतिम निर्णय आने के बाद मामलों पर कोई फैसला लिया जाएगा।
रेरा में अभी तक विभिन्न बिल्डर प्रोजेक्टों के नौ हजार से अधिक खरीदारों की शिकायतें आ चुकी हैं। इनमें जेपी, यूनिटेक और आम्रपाली बिल्डर के खरीदारों की शिकायत भी शामिल हैं। तीनों बिल्डर के मामले सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) में विचाराधीन हैं।
इस कारण रेरा खरीदारों की शिकायत पर सुनवाई नहीं कर रहा है, लेकिन अब रेरा ने आम्रपाली के मामलों को सुनने का फैसला लिया है। मंगलवार को भी आम्रपाली ड्रीम वैली प्रोजेक्ट का एक मामला सुनवाई पर लगा था, लेकिन सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता नहीं पहुंचा। रेरा के सदस्य बलविंदर कुमार ने बताया कि आम्रपाली के काफी मामले दर्ज हैं।
जल्द ही एक तिथि तय कर इन सभी मामलों को सुना जाएगा। उन्होंने बताया कि आम्रपाली के मामलों पर सुनवाई नहीं कर सकते, सुप्रीम कोर्ट की तरफ से ऐसा कोई आदेश और दिशा-निर्देश नहीं है।