गुन्नौर(संभल)। मारपीट के मामले में पुलिस ने भाजपा के जिला मंत्री कुमोद वार्ष्णेय व उसके बेटे सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। दुकानदार का कहना है कि भाजपा नेता ने अपने बेटे और दो परिवार के सदस्यों के साथ उसकी दुकान पर आए और दुकानदार, उनके उसके भाई और मां के साथ मारपीट की थी। उधर, भाजपा नेता की दुकानदार के खिलाफ तहरीर देकर दो लोगों पर केस दर्ज कराया है।
कस्बा निवासी अमन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि 19 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे वह अपनी दुकान पर बड़े भाई अतुल उर्फ गोविंद के साथ ग्राहकों को सामान दे रहे थे। तभी भाजपा नेता कुमोद कुमार व उनका बेटा हर्षित और परिवार के सदस्य सुबोध और विनोद उनकी दुकान पर आए और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर पीड़ित की मां विजेता रानी झगड़े को शांत कराने लगीं। तभी चारों आरोपियों ने पीड़ित व उसके भाई और मां पर लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से मां बेहोश होकर गिर पड़ी। उन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
उधर भाजपा नेता कुमोद वार्ष्णेय ने बताया कि मेरे भी पैर की उंगलियों में चोट आई है और मेरा बेटा हर्षित भी घायल हुआ। हमने इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान का कहना है कि भाजपा नेता पक्ष की ओर से भी तहरीर मिली है। तहरीर के अनुसार अमन और गोविंद के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।