स्कूलों के एक किलोमीटर के दायरे में फुटपाथों मरम्मत व अतिक्रमण हटाने का आग्रह
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
समाज कल्याण मंत्री और उत्तर पश्चिमी दिल्ली के प्रभारी रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने बुधवार को छात्रों की सुरक्षा, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के सुझावों को लेकर शिक्षा व शहरी विकास मंत्री आशीष सूद के साथ बैठक कर पत्र सौंपे। इंद्राज ने शहरी विकास मंत्री से स्कूलों के नजदीक से कूड़ा घर और डंपिंग यार्ड हटाने की मांग की। साथ ही, स्कूलों के एक किलोमीटर के दायरे में सभी फुटपाथों की मरम्मत व अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभागों और स्थानीय प्राधिकरणों को निर्देश देने का अनुरोध किया।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि कई विद्यालय परिसरों के पास कचरा जमा है। डंपिंग यार्ड भी हैं। इससे वातावरण दूषित हो रहा है। स्कूली छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल असर हो रहा है। स्कूलों के आसपास साफ हवा और साफ परिवेश देना जरूरी है। छात्रों और पर्यावरण के हित में ऐसे कदम समाज के लिए एक सकारात्मक उदाहरण बनेंगे। समाज कल्याण मंत्री ने आग्रह किया कि वे संबंधित विभागों और स्थानीय प्राधिकरणों को दिशा निर्देश जारी करें ताकि विद्यालय के आस पास डंपिंग यार्ड या कचरा संग्रहण केंद्र न हों। शहरी विकास मंत्री ने इन विषयों पर संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों को जरूरी निर्देश देने और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।