नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) ने पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राहत सामग्री से भरे दो ट्रक रवाना किए हैं। कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि बुधवार व बृहस्पतिवार को ट्रक रवाना किए गए।
उन्होंने बताया कि राहत सामग्री के साथ-साथ लंगर (रसोई सेवा) चलाने के लिए लांगरी और अन्य स्टाफ भी भेजा गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कैंप लगाकर लंगर सेवा शुरू कर दी गई है जो तब तक जारी रहेगी जब तक पीड़ितों को राहत नहीं मिल जाती। कालका और काहलों ने दिल्ली की संगत से अपील की कि वे गुरुद्वारा बंगला साहिब, गुरुद्वारा नानक प्याऊ सहित अन्य गुरुद्वारों में सूखा राशन सेवा के रूप में प्रदान कर सकते हैं। ब्यूरो