सेक्टर-20 थाना पुलिस ने की कार्रवाई, चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने रेकी कर दो पहिया वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चार आरोपियों को पकड़ा गया है जिनमें दो नाबालिग हैं। उनके कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें, एक तमंचा और अन्य सामान बरामद हुआ है।
एसीपी प्रवीण सिंह के अनुसार, अट्टा थाना प्रभारी शनिवार रात को टीम के साथ गश्त पर थे, तभी मुखबिर की सूचना पर तिकोनिया पार्क के पास चार संदिग्धों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में 21 वर्षीय अप्पू उर्फ संदीप (निवासी छलेरा) और 19 वर्षीय भानू उर्फ सागर (निवासी जेजे कॉलोनी, सेक्टर-18) शामिल हैं। पकड़ी गई मोटरसाइकिलों में से एक गिझौड़ और दूसरी सलारपुर से चोरी की गई थी। अन्य दो बाइकों की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है जबकि नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।