Sector 142 के सामने अंडर पास के नीचे भरा पानी ।
- सेक्टर-51 स्टेशन के रास्तों पर कई दिनों से जलभराव, सेक्टर-142 अंडरपास में भी फंसे वाहन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एक्वा मेट्रो के सेक्टर-51 स्टेशन तक पहुंचने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। स्टेशन के आसपास के रास्तों पर जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद उखड़ी सड़क के गड्ढों में पानी भर गया है, जो कई दिनों से जमा होने के कारण अब गंदा हो चुका है।
सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन पर ब्लू लाइन के सेक्टर-52 स्टेशन की ओर से आने वाले यात्री पाथ-वे का इस्तेमाल करते हैं। पाथ-वे खत्म होते ही सड़क किनारे गंदा पानी भरा हुआ है। वहीं स्काईवॉक निर्माण के कारण सीएनजी पंप की तरफ से घूमकर स्टेशन में प्रवेश और निकास करना पड़ रहा है। इस रास्ते पर भी सड़क खराब होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है। यात्रियों का कहना है कि रोजाना हजारों लोग इस रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन कई दिनों से बनी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि समस्या संज्ञान में आई है। नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्कल-3 से साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही सड़क मरम्मत की योजना के संबंध में भी जानकारी ली जाएगी।
सेक्टर-142 अंडरपास में भरा पानी, वाहन चालक परेशान-
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-142 के सामने बने एडवंट अंडरपास में बारिश का पानी जमा होने से मंगलवार सुबह वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई वाहन पानी में फंस गए। सूचना मिलने पर प्राधिकरण के वर्क सर्कल-10 के प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक विश्वास त्यागी मौके पर पहुंचे और पानी निकलवाया। प्राधिकरण के अनुसार बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मोटर नहीं चल पाई थी, जिससे पानी समय पर नहीं निकल सका। वहीं सेक्टर-96 अंडरपास में तीन मोटर के तार चोरी होने की घटना सामने आई। वर्क सर्कल-9 की ओर से मंगलवार को तार दोबारा लगवाए गए।
Sector 142 के सामने अंडर पास के नीचे भरा पानी ।
Sector 142 के सामने अंडर पास के नीचे भरा पानी ।