-मध्य दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र में मंगलवार को हुई वारदात
-मंगनी तोड़कर किसी और से शादी करने से था नाराज
-पीड़िता को कार्यालय से बाहर घसीटकर की मारपीट
-शोर मचाने पर पुलिसकर्मियों ने आरोपी को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में समय पर हुई कार्रवाई की वजह से एक युवती की जान बच गई। दरअसल युवती का पूर्व मंगेतर उसकी हत्या करने की नीयत से पीड़िता के दफ्तर में चाकू लेकर घुस गया। आरोपी ने उसे सड़क पर घसीटकर मारपीट की। शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मी तुरंत एक्शन में आ गए और अन्य लोगों की मदद से आरोपी को चाकू समेत काबू कर लिया। आरोपी करन (27) को थाने लाकर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। छानबीन के दौरान पता चला है कि पीड़िता की कहीं और शादी की बात चल रही थी। इससे नाराज आरोपी ने यह कदम उठाया।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया कि मंगलवार को पहाड़गंज थाने में तैनात हवलदार कृष्ण और शिव कुमार पहाड़गंज के कृष्णा मार्केट में गश्त कर रहे थे। इस बीच उन्होंने देखा कि एक युवक युवती को पीट रहा है। युवती बचाने के लिए गुहार लगा रही थी। आरोपी के हाथ में एक बड़ा चाकू था। चाकू देखकर कोई भी उसको बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। दोनों पुलिसकर्मियों ने जान की परवाह न करते हुए अन्य लोगों की मदद से आरोपी पर काबू कर लिया। थाने से और स्टाफ को मौके पर बुला लिया गया। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी करन उसका पूर्व मंगेतर है। छह माह पूर्व इनका रिश्ता खत्म हो गया था। इसके बाद भी आरोपी उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था और वह लगातार शादी करने का दबाव बना रहा था। अब पीड़िता का रिश्ता कहीं और चल रहा था। इस बात से खफा होकर आरोपी उसकी हत्या के इरादे से वहां पहुंचा। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।