ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर के स्पोर्ट्स अध्यापक रविंद्र कुमार ने राष्ट्रीय बॉक्सिंग स्कूल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश टीम के मैनेजर की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के बालक व बालिका वर्ग में यूपी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। कर्नाटक के बंगलूरू स्थित संत क्लोरेट प्री विश्वविद्यालय में 5 से 9 फरवरी तक अंडर-19 वर्ग में 69वीं, राष्ट्रीय बॉक्सिंग स्कूल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें यूपी टीम ने बालक व बालिका वर्ग में भाग लिया। बालक वर्ग टीम के मैनेजर की जिम्मेदारी पटेल इंटर कॉलेज के स्पोर्ट्स अध्यापक रविंद्र कुमार ने निभाई।
अंतर-स्कूली योग प्रतियोगिता में जीते पदक
नोएडा(संवाद)। सेक्टर-34 स्थित बिलाबोंग हाई इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित अंतर-स्कूली योग प्रतियोगिता में जेपी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-128 के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में स्कूल के छात्रों ने दो विद्यार्थियों ने पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। अंडर-10 बालक वर्ग में उत्कर्ष ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अंडर-10 बालिका वर्ग में डेमिरा ने प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। स्कूल की एचओडी स्पोर्ट्स मिस हिमांशी सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने कोच मिस शालू और विजेता छात्रों को बधाई दी।
एमपीएल–सीजन 5 की शुरुआत
नोएडा (संवाद)। सेक्टर–110 स्थित महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एमयूआईटी) के क्रिकेट ग्राउंड पर महर्षि प्रीमियर लीग (एमपीएल) सीजन 5 का शुभारंभ हुआ। टी–20 प्रारूप में आयोजित इस टूर्नामेंट की शुरुआत ओपनिंग डे पर खेले गए लीग मुकाबलों से हुई। उद्घाटन समारोह में डीन अकादमिक डॉ. तृप्ति अग्रवाल, डिप्टी रजिस्ट्रार संदीप शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी शिवम यादव और स्पोर्ट्स मैनेजर सलमान साजिद सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एमपीएल–सीजन 5 की साढ़े पांच फीट ऊंची आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण भी किया गया। पहले दिन लीग मुकाबलों की शुरुआत सुबह 10 बजे एमयूआईटी नोएडा और एमिटी सोसाइटी नोएडा के बीच मैच से हुई। दिनभर चले मुकाबलों में टीमों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। एमिटी स्कूल ऑफ साइंस ने एमयूआईटी को 57 रनों से पराजित किया, जबकि शारदा यूनिवर्सिटी ने जाकिर हुसैन कॉलेज को 58 रनों से हराकर जीत दर्ज की। इस सीजन में दिल्ली–एनसीआर के 16 प्रमुख विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों में और भी रोमांचक संघर्ष देखने को मिलेंगे।