नोएडा के सेक्टर-16 से शुक्रवार शाम दिल्ली जाने के लिए एक युवती ने रैपिडो बाइक बुक कराई, लेकिन डीएनडी पर जाम लगने की बात कहकर चालक नोएडा गेट होकर शनि मंदिर वाले मार्ग पर युवती को ले गया। यहां सुनसान रास्ते पर बाइक खराब होने का बहाना बनाकर चालक ने युवती को बाइक से उतारा और छेड़छाड़ शुरू कर दी।
युवती ने दूसरी तरफ से आ रहे कार चालक को देखकर शोर मचाया तो आरोपी चालक मन्नान घबरा गया और बाइक लेकर फरार हो गया। युवती की शिकायत पर फेज-एक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। शनिवार सुबह सेक्टर-9 की झुग्गी बस्ती से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इससे पहले भी दो महिला यात्रियों के साथ वह छेड़छाड़ का प्रयास कर चुका है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। एडीसीपी रणविजय सिंह ने महिलाओं से अपील की है कि कैब-बाइक में सफर करते समय अगर चालक भ्रमित करने का प्रयास करे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, शोर मचाकर मदद प्राप्त करने की कोशिश करें।
इस मामले में रैपिडो ने माफी मांगते हुए कहा है कि हम कैप्टन के अनुचित व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं और शिकायतकर्ता से माफी मांगते हैं। रैपिडो ग्राहक-प्रथम की नीति पर चलता है और उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमने शिकायत के बाद तत्काल आंतरिक जांच शुरू की और रिपोर्ट के आधार पर हमने आरोपी कैप्टन को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही उसे हमेशा के लिए रैपिडो से ब्लॉक कर दिया गया है। हमारे साथ वह अब कभी भी काम नहीं कर पाएगा।