नाबालिग साली से दुष्कर्म के आरोपी जीजा को लक्ष्मणझूला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। जो बाद में विवेचना के लिए लक्ष्मणझूला थाना स्थानांतरित कर दी गई थी।
बीते 12 नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश से लक्ष्मण झूला थाने को जीरो एफआईआर स्थानांतरित की गई। जिसमें बताया गया कि कुछ दिन पूर्व लक्ष्मणझूला क्षेत्र की एक नाबालिग अपनी दीदी के साथ स्वास्थ्य परीक्षण के लिए ऋषिकेश स्थित एक निजी अस्पताल आई थी। जहां नाबालिग के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली ऋषिकेश में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की गई। पूछताछ में पता चला की नाबालिग के जीजा ने ही दुष्कर्म किया है। जीजा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।