माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एक सप्ताह से उमस और चिपचिपी गर्मी से परेशान नोएडा-ग्रेटर नोएडा के लोगों को बुधवार शाम मौसम बदलने से राहत मिली। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और शाम को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। करीब 15 से 20 मिनट हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, बारिश रुकने के कुछ देर बाद उमस फिर बढ़ गई।
आईएमडी के अनुसार, बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 78 प्रतिशत रही। सेक्टर-18, सेक्टर-62, परी चौक, नोएडा एक्सप्रेसवे और बॉटनिकल गार्डन समेत कई क्षेत्रों में रिमझिम फुहारें पड़ीं। बारिश के दौरान तेज ठंडी हवाएं भी चलीं। शाम के पीक आवर्स में कुछ प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हुई, लेकिन कहीं गंभीर जलभराव नहीं हुआ।
24 से 48 घंटे राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी ट्रफ और स्थानीय चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। अगले 24 से 48 घंटे में दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे तापमान में कुछ गिरावट और लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।